Edited By Ramanjot, Updated: 12 Feb, 2026 11:30 AM

9 वर्षीय प्रतीक कुमार अपने जन्मदिन का केक लेने बाजार जा रहा था, तभी एक बेकाबू ट्रक ने उसे कुचल दिया
Road Accident : बिहार के भोजपुर जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां जन्मदिन के जश्न की तैयारी कर रहे एक परिवार की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के घांघर गांव के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने 9 वर्षीय मासूम को कुचल दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान इंग्लिश गांव निवासी सुजीत कुमार सिंह के 9 वर्षीय पुत्र प्रतीक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रतीक का जन्मदिन था और घर में उत्सव का माहौल था। प्रतीक अपने जन्मदिन का केक लेने के लिए सरैया बाजार जा रहा था। इसी दौरान घांघर गांव के पास सड़क पार करते समय वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों ने चालक को दबोचा
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। बाद में आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- 12 हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया जेई, भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में प्रतीक को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (मृत घोषित) कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
प्रतीक अपने तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां नेहा देवी और भाइयों (अनिकेत व अंशु) का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में सुबह तक जन्मदिन की बधाइयां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा और सिसकियां हैं।