Us Attacks Venezuela:  मादुरो फरार या हिरासत में? ट्रंप के सीक्रेट ऑपरेशन से हिला वेनेजुएला, दुनिया अलर्ट मोड में

Edited By Ramanjot, Updated: 03 Jan, 2026 05:43 PM

us attacks venezuela

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तड़के अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक चौंकाने वाला दावा करते हुए वैश्विक हलचल बढ़ा दी।

Us Attacks  Venezuela: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार तड़के अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक चौंकाने वाला दावा करते हुए वैश्विक हलचल बढ़ा दी। ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेनाओं ने वेनेजुएला में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाकर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में ले लिया है और देश से बाहर ले जाया गया है।

ट्रंप ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से की गई और जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे ऑपरेशन का खुलासा किया जाएगा।

अमेरिका में चलेगा मादुरो पर मुकदमा: सीनेटर का दावा

रिपब्लिकन सीनेटर माइक ली ने दावा किया कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने उन्हें जानकारी दी है कि मादुरो को अमेरिका लाया गया है, जहां उन पर गंभीर आपराधिक मामलों में मुकदमा चलाया जाएगा। सीनेटर के अनुसार, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद फिलहाल वेनेजुएला में किसी और सैन्य कार्रवाई की योजना नहीं है।

रूस का तीखा विरोध, अंतरराष्ट्रीय कानून उल्लंघन का आरोप

रूस ने अमेरिकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन बताया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस हमले का कोई वैध आधार नहीं था और यह विचारधारात्मक दुश्मनी का नतीजा है। वेनेजुएला रूस का लातिन अमेरिका में अहम रणनीतिक सहयोगी माना जाता है।

स्पेन ने दिया मध्यस्थता का प्रस्ताव

तेजी से बढ़ते तनाव के बीच स्पेन ने अमेरिका और वेनेजुएला के बीच मध्यस्थ बनने की पेशकश की है। स्पेन के विदेश मंत्रालय ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

अमेरिका का दावा: अब वेनेजुएला पर कोई और हमला नहीं

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने मादुरो की गिरफ्तारी को वेनेजुएला के इतिहास का निर्णायक मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि “तानाशाही के अंत के साथ देश में न्याय और लोकतंत्र की नई शुरुआत होगी।”

वेनेजुएला ने मांगा सबूत, मादुरो के ठिकाने पर सवाल

वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका से मादुरो और उनकी पत्नी के सुरक्षित होने का ठोस प्रमाण देने की मांग की है। उनका कहना है कि हमलों के बाद राष्ट्रपति का कोई आधिकारिक संपर्क नहीं हो पाया है।

नागरिक इलाकों पर हमले का आरोप, जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

वेनेजुएला सरकार ने अमेरिकी सेनाओं पर रिहायशी इलाकों में मिसाइल हमले करने का आरोप लगाया है। रक्षा मंत्री ने इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताते हुए पूरी सैन्य ताकत से जवाब देने की चेतावनी दी है। नागरिक हताहतों की जांच जारी है।

क्षेत्रीय तनाव बढ़ा, कोलंबिया हाई अलर्ट पर

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस कार्रवाई को क्षेत्रीय संप्रभुता के लिए खतरा बताया और सीमा पर सेना तैनात करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने मानवीय संकट की आशंका भी जताई।

ईरान की निंदा, संप्रभुता उल्लंघन बताया

ईरान ने भी अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे वेनेजुएला की राष्ट्रीय अखंडता पर अस्वीकार्य हमला करार दिया है।

बढ़ते तनाव का चरम

यह पूरा घटनाक्रम अमेरिका और वेनेजुएला के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव का सबसे खतरनाक मोड़ माना जा रहा है। अमेरिका मादुरो पर ड्रग तस्करी और आतंकवाद से जुड़े आरोप लगाता रहा है, जबकि वेनेजुएला इसे अपने तेल संसाधनों पर कब्जे की साजिश बताता है।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस घटनाक्रम पर बंटा हुआ नजर आ रहा है। हालात तेजी से बदल रहे हैं और आने वाले दिन वैश्विक राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!