Edited By Khushi, Updated: 15 Feb, 2026 11:01 AM

Jharkhand News: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दोपहर में जहां गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और रात में हल्की ठंड बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कुछ जिलों में पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
Jharkhand News: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दोपहर में जहां गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और रात में हल्की ठंड बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कुछ जिलों में पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
कई जिलों में दोपहर के समय अच्छी धूप निकलने की संभावना
बता दें कि झारखंड में ठंड अब खत्म होने के कगार पर है। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस हो रही है, जबकि शाम और रात के समय हल्की ठंड लोगों को परेशान कर रही है। इस बदलते मौसम से लोग भी असमंजस में हैं कि गर्म कपड़े पहनें या हल्के। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी रांची, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में दोपहर के समय अच्छी धूप निकलने की संभावना है। पश्चिम सिंहभूम जिले में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया
अन्य जिलों की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 11 डिग्री, खूंटी में अधिकतम 27 और न्यूनतम 12 डिग्री, गुमला में अधिकतम 27 और न्यूनतम 11 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं पलामू में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 15 फरवरी को राजधानी समेत पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान डालटोनगंज में सबसे कम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।