Edited By Swati Sharma, Updated: 22 Jun, 2025 10:54 AM

Patna News: जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी बताकर राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) को धमकाने के आरोप में बिहार के सिवान जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
Patna News: जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी बताकर राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) को धमकाने के आरोप में बिहार के सिवान जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर कुशवाहा को एक विशेष राजनीतिक दल के बारे में बोलने के खिलाफ चेतावनी दी थी और 10 दिनों के भीतर उन्हें 'खत्म' करने की धमकी भी दी थी। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने राज्यसभा सदस्य को कई बार फोन कर धमकी देने की बात कबूल की है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा, ‘‘ पुलिस ने राज्यसभा सदस्य के निजी सचिव की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 19 जून को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े एक व्यक्ति ने कुशवाहा को जान से मारने की धमकी दी थी। '' पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सांसद ने गुरुवार की रात 'एक्स' पर भी जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया कि उन्हें रात 8.52 से 9.20 बजे के बीच दो मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आए और कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया।''
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति का लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कोई संबंध नहीं है और वह पूर्व में कुशवाहा की अध्यक्षता वाले राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) से जुड़ा था। आरएलएम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का गठबंधन सहयोगी है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।