Edited By Swati Sharma, Updated: 26 Jul, 2024 06:29 PM

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के मुंह बोले भाई सुनील सिंह की बिहार विधान परिषद की सदस्यता शुक्रवार को समाप्त कर दी गई। वहीं, सुनील कुमार सिंह की सदस्यता रद्द होने पर बिहार विधान...
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के मुंह बोले भाई सुनील सिंह की बिहार विधान परिषद की सदस्यता शुक्रवार को समाप्त कर दी गई। वहीं, सुनील कुमार सिंह की सदस्यता रद्द होने पर बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।
सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति की सदस्यता कैसे जाती है, इसकी एक प्रक्रिया होती है। राज्यसभा या लोकसभा का सदस्य हो या फिर अध्यक्ष, हर कोई नियमों से बंधा होता है। जो भी नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। बिहार में पहली बार आचार समिति का गठन किया गया। अगर कोई गलत काम करता है, तो आचार समिति उसका संज्ञान लेती है।
वहीं, सीएम नीतीश कुमार की नकल करने के कारण विधान परिषद से निष्कासित किए गए बिहार आरजेडी नेता सुनील सिंह ने कहा कि यह दिन हमारे लोकतंत्र में काले दिन के रूप में जाना जाएगा। आज से पहले ऐसा कभी नहीं देखा गया जब आचार समिति ने फर्जी केस बनाकर विधान परिषद के किसी सदस्य को निष्कासित कर दिया हो। ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि किसी सदस्य को निष्कासित किया जा सके।