Edited By Swati Sharma, Updated: 15 Nov, 2025 10:55 AM

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, लेकिन राजग की एक तरह की चुनावी सुनामी में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 12 प्रत्याशी देर रात तक जीत नहीं हासिल कर सके। निर्वाचन आयोग के...
Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, लेकिन राजग की एक तरह की चुनावी सुनामी में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 12 प्रत्याशी देर रात तक जीत नहीं हासिल कर सके। निर्वाचन आयोग के मुताबिक इनमें से कई उम्मीदवार बहुत कम अंतर से हारे-कहीं 30 तो कहीं 178 वोटों से हारे। दूसरी ओर, कांग्रेस के 61 प्रत्याशियों में सिर्फ छह ही राजग की लहर में अपनी जीत बचा पाए।
इन 12 उम्मीदवारों को मिली हार
हारने वाले 12 भाजपा उम्मीदवारों में विनोद कुमार शामिल हैं, जिन्हें बायसी सीट पर एआईएमआईएम के गुलाम सरवर ने 27,251 वोटों के भारी अंतर से हराया। भाजपा के हरिभूषण ठाकुर को बिस्फी सीट पर राजद के आसिफ अहमद ने 8,107 वोटों के अंतर से पराजित किया। हरिभूषण ठाकुर को 92,664 वोट मिले। चनपटिया में भाजपा के उमाकांत सिंह बेहद कम-602 वोट से कांग्रेस के अभिषेक रंजन से हार गए। रंजन को 87,538 जबकि सिंह को 86,936 वोट मिले। फारबिसगंज में भाजपा के विद्या सागर केशरी 221 वोट के अंतर से हार गए। कांग्रेस के मनोज बिश्वास ने 1,20,114 वोट पाकर जीत दर्ज की। किशनगंज सीट पर भाजपा की स्वीटी सिंह को 76,875 वोट मिले, लेकिन उन्हें कांग्रेस के मोहम्मद कमरुल होदा ने 12,794 वोट के अंतर से हराया। कोचाधामन में भाजपा की बीना देवी तीसरे स्थान पर रहीं। उन्हें 44,858 वोट मिले। एआईएमआईएम के मोहम्मद सरवर आलम ने 81,860 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि दूसरे स्थान पर रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुजाहिद आलम को 58,839 वोट मिले।
कांग्रेस के केवल 6 उम्मीदवार जीत हासिल कर पाए
वहीं, सहरसा में भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन को 2,038 मतों के अंतर से हार मिली। उन्हें इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने 1,15,036 वोट पाकर हराया। राघोपुर में शुरुआती कड़ी टक्कर के बाद भाजपा के सतीश कुमार को राजद नेता और ‘इंडिया' गठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने 14,532 वोट के अंतर से हराया। सतीश ने 1,04,065 वोट हासिल किए। वारिसलीगंज में भाजपा की अरुणा देवी को राजद की अनीता ने 7,543 वोट के अंतर से शिकस्त दी। अरुणा देवी को 90,290 वोट मिले। रामगढ़ सीट पर भाजपा के अशोक कुमार सिंह को बसपा के सतीश कुमार सिंह यादव ने सिर्फ 30 वोटों से हराया। अशोक को 72,659 वोट मिले। ढाका सीट पर भाजपा के पवन कुमार जायसवाल को राजद के फैसल रहमान ने 178 वोटों से हराया। जायसवाल को 1,12,549 वोट मिले। गोह सीट पर भाजपा के डॉ. रविरंजन कुमार को राजद के अमरेंद्र कुमार ने 4,041 वोटों के अंतर से पराजित किया। भाजपा उम्मीदवार को 89,583 वोट मिले। इधर, कांग्रेस के केवल छह उम्मीदवार जीत हासिल कर पाए। इनमें सुरेंद्र प्रसाद, अभिषेक रंजन, मनोज विश्वास, अबिदुर रहमान, मोहम्मद कमरुल होदा और मनोहर प्रसाद सिंह शामिल हैं।