Edited By Harman, Updated: 11 Mar, 2026 11:21 AM

Bihar Crime News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने बदले की भावना में रुह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने शादीशुदा प्रेमिका के सात वर्षीय बेटे का अपहरण कर...
Bihar Crime News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने बदले की भावना में रुह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने शादीशुदा प्रेमिका के सात वर्षीय बेटे का अपहरण कर नृशंस हत्या कर दी।
फरवरी में हुआ था मासूम का अपहरण
मिली जानकारी के अनुसार, यह रूह कंपा देने वाली घटना करजा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सिकंदर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पूरे मामले की शुरुआत 27 फरवरी, 2026 को हुई, जब पीड़ित महिला ने अपने 7 साल के बेटे के अचानक गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस लगातार बच्चे की तलाश कर रही थी, लेकिन 8 मार्च को गांव के ही एक खेत में मिट्टी के नीचे से मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
गला रेत जमीन में गाड़ा शव
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पड़ोस में रहने वाले सिकंदर चौधरी ने कुछ समय पहले महिला के सामने प्रेम का इजहार किया था, जिसे महिला ने ठुकरा दिया। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने मासूम बच्चे को अपना निशाना बनाया। आरोपी ने बच्चे का अपहरण कर बेरहमी से उसके हाथ और पैरों के पंजे काट दिए और फिर उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफन कर दिया।
आरोपी अब सलाखों के पीछे
पुलिस पूछताछ में आरोपी सिकंदर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार बरामद कर लिए गए है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले कांड के बाद पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।