Edited By Ramanjot, Updated: 11 Dec, 2025 07:44 AM

उत्तर भारत में दिसंबर की कड़ाके की सर्दी ने जोर पकड़ लिया है और बिहार भी इसके असर से अछूता नहीं है।
Patna School Timing: उत्तर भारत में दिसंबर की कड़ाके की सर्दी ने जोर पकड़ लिया है और बिहार भी इसके असर से अछूता नहीं है। सुबह की भयंकर ठंड और घने कोहरे को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है।
गुरुवार 11 दिसंबर 2025 से सभी सरकारी, निजी स्कूलों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई अब सुबह 8:30 बजे से शुरू होगी और शाम 4:00 बजे तक चलेगी। यह नया समय-निर्धारण अगले एक हफ्ते तक यानी 18 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा। इसके बाद मौसम की स्थिति देखकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
बच्चों की सेहत सबसे पहले: जिलाधिकारी का सख्त आदेश
जिला दंडाधिकारी पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करते हुए कहा, “अत्यधिक ठंड और कम तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए कक्षा 8 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई सुबह 8:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक ही होगी।” यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
बिहार में मौसम का ताजा अपडेट
राज्य में न्यूनतम तापमान 9–14°C के बीच बना हुआ है। कैमूर, गया, रोहतास जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में पारा 8–10°C तक गिरने की संभावना है। पटना, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, भागलपुर और जमुई में सुबह-शाम घने कोहरे की चपेट में रहेंगे।