Edited By Ramanjot, Updated: 18 Feb, 2026 10:00 PM

पटना की NEET छात्रा की रहस्यमयी मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब इसमें एक और चौंकाने वाला अध्याय जुड़ गया है।
Patna NEET Student Death Case: पटना की NEET छात्रा की रहस्यमयी मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब इसमें एक और चौंकाने वाला अध्याय जुड़ गया है। छात्रा के जहानाबाद स्थित पैतृक गांव में परिवार को लगातार दो बार धमकी भरे पर्चे मिलने से सनसनी फैल गई है। पहले से ही पुलिस सुरक्षा में रह रहे परिजनों के घर तक धमकी पहुंचना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
किचन की खिड़की पर मिला पहला पर्चा
शुक्रवार रात परिवार को घर के किचन की खिड़की पर एक पर्चा रखा मिला। उसमें लिखा था – “तुम सब लोग मारे जाओगे।” सूचना मिलते ही शकूराबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पर्चा जब्त किया और जांच शुरू कर दी।
मामला अभी चर्चा में ही था कि मंगलवार को उसी स्थान पर एक और पर्चा मिला। दूसरे संदेश में धमकी और भी गंभीर थी – “जिस तरह बेटी मरी है, 2 दिन में तेरा बेटा भी मरेगा।” इस दूसरी चेतावनी के बाद परिवार में भय और असुरक्षा की भावना और गहरा गई है।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम गांव पहुंची। विशेषज्ञों ने किचन और आसपास के इलाके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुरक्षा के बावजूद घर तक पहुंचकर ये पर्चे कौन और कैसे रख रहा है। सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है।
6 जनवरी को हॉस्टल में मिली थी बेहोश
यह मामला तब सुर्खियों में आया जब 6 जनवरी को छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में बेहोश मिली थी। इलाज के दौरान 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय एजेंसी CBI को सौंपी गई।
CBI की टीम हाल के दिनों में दो बार छात्रा के गांव पहुंचकर परिवार से पूछताछ कर चुकी है। अब धमकी भरे पर्चों की नई घटनाओं ने जांच को और जटिल बना दिया है। एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।