Edited By Swati Sharma, Updated: 18 Nov, 2025 12:23 PM

Bihar New Deputy CM: बिहार में नई सरकार के गठन से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच मंत्रिमंडल में स्थान पाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) से पांच से छह नए...
Bihar New Deputy CM: बिहार में नई सरकार के गठन से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच मंत्रिमंडल में स्थान पाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) से पांच से छह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। जबकि दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना है।
नए चेहरों को मिल सकता है मौका
सूत्रों के अनुसार, सरकार का प्रारूप लगभग तय हो चुका है। औपचारिक घोषणा किसी भी समय हो सकती है। इस बार भी दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना है। साथ ही 36 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि जद(यू) अपने अधिकांश मंत्रियों को बरकरार रख सकता है, जबकि भाजपा कुछ नए चेहरों को शामिल कर सकती है। पिछले मंत्रिमंडल के 25 मंत्रियों में से 24 ने इस बार चुनाव जीता, जबकि एकमात्र पराजित मंत्री सुमित कुमार सिंह इस बार अपनी सीट नहीं बचा सके। सिंह 2020 में निर्दलीय जीते थे और बाद में जद(यू) कोटे से मंत्री बने थे। जद(यू) और भाजपा के अलावा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) भी नयी सरकार का हिस्सा होंगी। सूत्रों के अनुसार, “लोजपा (रामविलास) को तीन, जबकि हम और रालोमो को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है।”
जद(यू) सूत्रों ने कहा कि पिछली बार उनके पास केवल 12 मंत्री थे। इस बार संख्या 2020 की तुलना में बढ़ी है, इसलिए नयी सरकार में उनका प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री के अलावा जद(यू) के जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है, उनमें बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार, लेसी सिंह, शीला मंडल, मदन सहनी, रत्नेश सदा, मोहम्मद जामा खान, जयंत राज, उमेश सिंह कुशवाहा और अशोक चौधरी शामिल हैं। नए चेहरों में राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, कलाधर प्रसाद मंडल और पन्ना लाल सिंह पटेल के नामों पर विचार किया जा रहा है।
भाजपा अधिकांश मौजूदा मंत्रियों को दोबारा देगी मौका
भाजपा की तरफ से अधिकांश मौजूदा मंत्रियों को दोबारा मौका मिलने की संभावना है। पार्टी तीन से चार नए चेहरों को शामिल कर सकती है। जिन मंत्रियों को दोबारा जगह दी जा सकती है उनमें सम्राट चौधरी, प्रेम कुमार, मंगल पांडेय, विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मिश्रा, रेनू देवी, जिबेश कुमार, नीरज कुमार सिंह, जनक राम, हरि साहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, संतोष कुमार सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं जबकि नए चेहरों में राणा रणधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका को जगह मिल सकती है। नीतीश कुमार 19 नवंबर को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और इसके बाद 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।