Edited By Khushi, Updated: 16 Feb, 2026 11:02 AM

Jharkhand News: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गोड्डा जिले के परसा गांव में एक प्रेम कहानी ने खूबसूरत मोड़ लिया। भगवान शिव को साक्षी मानकर युवक-युवती ने सात फेरे लिए और सामाजिक सहमति से विवाह बंधन में बंध गए। यह अनोखा प्रेम-विवाह पूरे इलाके में चर्चा...
Jharkhand News: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गोड्डा जिले के परसा गांव में एक प्रेम कहानी ने खूबसूरत मोड़ लिया। भगवान शिव को साक्षी मानकर युवक-युवती ने सात फेरे लिए और सामाजिक सहमति से विवाह बंधन में बंध गए। यह अनोखा प्रेम-विवाह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
भगवान शिव की प्रतिमा के सामने पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया
महाशिवरात्रि के दिन गोड्डा जिले के परसा गांव में एक अनोखा विवाह संपन्न हुआ। बताया जा रहा है कि युवती कुछ समय पहले सबौर में अपनी मौसी के घर गई थी। वहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। पहले दोनों के बीच सामान्य बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब एक साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे और साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुके थे। महाशिवरात्रि के दिन दोनों परसा गांव में मिले। जब ग्रामीणों ने उन्हें साथ देखा तो गांव में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। पूछताछ करने पर युवक और युवती ने खुले तौर पर अपने प्रेम संबंध को स्वीकार किया और शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद ग्रामीणों और दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई। माहौल शांत होने के बाद सामाजिक सहमति से दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया गया। गांव के भयहरण स्थान मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा के सामने पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।
विवाह के बाद नवदंपती के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी
‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर साथ निभाने का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। महाशिवरात्रि के पावन दिन हुए इस विवाह को लोग भगवान शिव का आशीर्वाद मान रहे हैं। विवाह के बाद नवदंपती के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। ग्रामीणों ने इस अनोखे प्रेम-विवाह की सराहना करते हुए दोनों को सुखी और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। यह प्रेम कहानी अब क्षेत्र में लंबे समय तक मिसाल के रूप में याद की जाएगी।