Edited By Harman, Updated: 04 Mar, 2026 04:34 PM

Bihar Road Accident News : बिहार के भागलपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसी, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच...
Bihar Road Accident News : बिहार के भागलपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसी, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, सीधे दुकान में घुसी कार
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुलतानगंज एनएच-80 पर दिलगौरी मोड़ के पास हुई है। मृतक की पहचान नारायणपुर निवासी नितेश मिश्रा के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त कार तिलकपुर के मुखिया अमित कुमार की बताई जा रही है। इस हादसे में मुखिया अमित कुमार खुद भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अन्य घायलों में मिर्जापुर के अमित कुमार, कोलगामा के चंदन ठाकुर, नवादा के पीयूष कुमार और ललित यादव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज गति में थी। मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे सड़क किनारे बनी दुकान में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान के पास मौजूद लोग और वाहन में बैठे यात्री इसकी चपेट में आ गए। घटना में नितेश मिश्रा की मौत हो गई। कुल 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें चार की हालत नाजुक है।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेज दिया गया।सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के माहौल के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।