Edited By Ramanjot, Updated: 02 Mar, 2026 02:36 PM

एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बाइक पर सवार होकर बाजार से होली की खरीदारी कर अपने घर तरियानी लौट रहे थे। इसी दौरान मीनापुर बाजार के पास बाइक और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों...
Road Accident: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रविवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र निवासी दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी इस घटना के बाद से शोक की लहर है।
घर पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के मीनापुर थाना अंतर्गत तुर्की डाक बंगला चौक के पास की है। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय पंकज कुमार (पिता: राघों राय) और 19 वर्षीय आकाश कुमार (पिता: मिथलेश राय) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पंकज और आकाश दोनों चचेरे भाई थे और मीनापुर बाजार से होली का सामान खरीदकर बाइक से अपने घर (तरियानी, शिवहर) लौट रहे थे। जब वे तुर्की डाक बंगला चौक के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- 72 घंटे तक सील रहेगी अंतरराष्ट्रीय सीमा, बॉर्डर पर हाई अलर्ट; परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर...
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही मीनापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रामइकबाल प्रसाद ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है। हालांकि, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।