Edited By SHUKDEV PRASAD, Updated: 02 Mar, 2026 09:32 PM

इस वर्ष 4 मार्च 2026 को होली और रमजान का समय एक साथ पड़ने के कारण Bihar में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है
पटना: इस वर्ष 4 मार्च 2026 को होली और रमजान का समय एक साथ पड़ने के कारण Bihar में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है, ताकि दोनों पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हो सकें।
वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक के बाद सभी जिलों के डीएम और एसपी को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
30 हजार से अधिक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
राज्यभर में 30 हजार से ज्यादा अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP), रेंज रिजर्व कंपनियां, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF), ट्रेनी कांस्टेबल, ट्रेनी एएसआई और होम गार्ड शामिल हैं।
राजधानी Patna में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और पहले संवेदनशील रहे क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और लगातार गश्त की जा रही है। दंगा निरोधी बल और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी तैयार रखा गया है।
13 हजार से अधिक लोगों से भरवाए गए बॉन्ड
शांति भंग की आशंका को देखते हुए अब तक करीब 13 हजार लोगों से सुरक्षा बॉन्ड भरवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई के प्रस्ताव संबंधित अदालतों में भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
साइबर सेल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। भड़काऊ पोस्ट, फर्जी खबर या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही डीजे पर अश्लील या आपत्तिजनक गानों पर सख्त रोक लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर साउंड सिस्टम जब्त करने और कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन की अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों समुदायों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है।