Edited By Ramanjot, Updated: 12 Aug, 2025 06:04 PM

गया पुलिस ने हत्या के एक संगीन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गया:गया पुलिस ने हत्या के एक संगीन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 11 अगस्त 2025 को कोठी थाना क्षेत्र के लावाबार गांव में हुई, जहां एक व्यक्ति की मारपीट कर हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मंटु भारती, पिता मटन भारती, निवासी लावाबार के रूप में हुई। मृतक भूत-प्रेत उतारने और ओझा-गुनी का काम करता था। इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई।
तत्काल पहुंची पुलिस, केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज और कोठी थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एएनएमसीएच, गया भेजा गया। वादिनी के फर्दबयान पर कोठी थाना कांड संख्या 95/25, दिनांक 11.08.2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष टीम का गठन, 6 गिरफ्तार
वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें कोठी और सोहैल थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। साथ ही एफएसएल और तकनीकी टीम को साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पर भेजा गया।
लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 6 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि मृतक के ओझा-गुनी कार्य को लेकर विवाद था।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
- बालो भुईया, पिता नेरू भुईया
- राम रतन भुईया, पिता जंगू भुईया
- 4 महिला अभियुक्त
पुलिस ने बताया कि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।