Edited By Ramanjot, Updated: 07 Aug, 2025 06:46 PM

बिहार एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से वांछित नक्सली पुकार भुईया को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
औरंगाबाद/गया:बिहार एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से वांछित नक्सली पुकार भुईया को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार नक्सली पर कई नक्सली वारदातों में शामिल रहने और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
अवैध हथियार के साथ गिरफ्तारी
06 अगस्त 2025 को एसटीएफ की विशेष टीम ने छापेमारी कर पुकार भुईया (पिता - मेघन भुईया, निवासी - शिव टहल बिगहा, थाना - आमस, जिला - गया) को गिरफ्तार किया। उसके पास से निम्नलिखित अवैध हथियार बरामद हुए:
- देशी कारबाइन - 01
- देसी कट्टा - 02
- जिंदा कारतूस - 01
इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय थाना में मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कई नक्सली घटनाओं में था शामिल
गिरफ्तार नक्सली पुकार भुईया का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद गंभीर है। वह औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना और गया जिले के गुरुआ थाना में दर्ज 5 नक्सली कांडों में वांछित था। प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं:
18 मई 2025
मदनपुर थाना क्षेत्र के जंगली और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन के दौरान पुकार भुईया ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की थी। इस पर मदनपुर थाना कांड संख्या 202/25 दर्ज हुआ, जिसमें धारा 109/132/3(5) बीएनएस, 27 आर्म्स एक्ट और 13/16/17/20 यूएपी एक्ट लगाया गया।
07 जनवरी 2025
पुकार भुईया ने अपने साथियों के साथ मिलकर सड़क निर्माण में लगे जेसीबी में आग लगा दी थी। इस पर कांड संख्या 07/25 दर्ज किया गया, जिसमें 308(4)/326(f)/61(2)/3(5) बीएनएस और 13/16/18/20 यूएपी एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
29 जनवरी 2025
रात्रि में गिद्धवा नाला के पास निर्माणाधीन पोकलेन मशीन को जला दिया गया था। इस मामले में कांड संख्या 41/25 दर्ज है, जिसमें 326(f) बीएनएस एवं यूएपी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।
15 मई 2025
पईन (डुमरिया आहर पईन) निर्माण स्थल पर साइट इंचार्ज से लेवी की मांग की गई थी। इस पर कांड संख्या 199/25 दर्ज हुआ, जिसमें 308(3)/308(4)/3(5) बीएनएस 2023 और यूएपी एक्ट की धाराएं शामिल हैं।
अब तक फरार था नक्सली
इन सभी मामलों में पुकार भुईया फरार चल रहा था और उस पर लंबे समय से एसटीएफ और पुलिस की निगाह थी। आखिरकार 6 अगस्त को विशेष सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गिरफ्तारी से नक्सली नेटवर्क के कई और राज खुलने की संभावना है और आगे की कार्रवाई जारी है।