Edited By Harman, Updated: 12 Feb, 2026 12:07 PM

बिहार में समस्तीपुर जिले के चर्चित स्कूल संचालक और जमीन कारोबारी गणेश सहनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Bihar News : बिहार में समस्तीपुर जिले के चर्चित स्कूल संचालक और जमीन कारोबारी गणेश सहनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि गणेश की हत्या उनके साथ पूर्व में काम कर चुके सहयोगियों ने ही वर्चस्व स्थापित करने के लिए की थी। ताजपुर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर सह अधिवक्ता गणेश सहनी हत्याकांड में शामिल कुख्यात अपराधी अंकित सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्याकांड में शामिल अपराधी अंकित सहनी गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि हरपुर भिंडी गांव स्थित दर्जनियापुल पर आठ फरवरी को गणेश सहनी की हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड मे शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक अनिकेत कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में एक स्पेशल पुलिस टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि टीम ने आज जिले के हलई थाना क्षेत्र स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी की। वहां से हत्याकांड में शामिल अपराधी अंकित सहनी को गिरफ्तार किया गया है।
पूर्व सहयोगियों ने ही रची थी मौत की साजिश
एएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का कारण जमीन कारोबार में रूपये का लेनदेन है। मृतक गणेश सहनी पहले अंकित, फुलेंद्र सहनी और राजू सहनी के साथ मिलकर जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते थे। अत्यधिक मुनाफा होने के बाद आपस में अनबन हुई और गणेश ने अपना कारोबार अलग कर लिया। इस रंजिश के चलते गत रविवार (8 फरवरी, 2026) गणेश सहनी पर 13 गोलियां दाग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया।
एएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की स्पेशल टीम जिले के ताजपुर समेत अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।