Edited By Khushi, Updated: 16 Feb, 2026 12:13 PM

Jharkhand News: धनबाद के स्टील गेट स्थित सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की इस घटना में 12 से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। कई दुकानदारों की सालों की मेहनत पल भर में राख में बदल गई।
Jharkhand News: धनबाद के स्टील गेट स्थित सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की इस घटना में 12 से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। कई दुकानदारों की सालों की मेहनत पल भर में राख में बदल गई।
देर रात लगी आग, मची अफरातफरी
यह घटना सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट सब्जी मंडी की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अचानक मंडी से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में राशन, पूजा सामग्री, सब्जी और अन्य सामान से भरी दुकानें जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही झरिया के पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजय सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं थाना प्रभारी मंजीत सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने में जुट गए।
चार दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कई दुकानों का सामान पूरी तरह जल चुका था। दुकानदारों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी मंडी में चार से पांच बार आग लग चुकी है। हर बार 15 से 20 दुकानें जल जाती हैं। लगातार हो रहे नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर के आसपास अवैध शराब की बिक्री होती है। रात में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आगजनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक सहायता की मांग की है।
पीड़ितों का दर्द
पीड़ित मालती देवी ने बताया कि पति की मौत के बाद वह खुद दुकान चलाकर बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। आग लगने के समय वह दुकान में ही सो रही थीं। उनके पिता प्रकाश मोदी की राशन दुकान भी आग में जल गई। वहीं दुकानदार विश्वनाथ मंडल ने कहा कि उनकी राशन दुकान पूरी तरह से खाक हो गई है और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
जांच और मदद की मांग
संजय सिंह ने कहा कि बार-बार आग लगने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। साथ ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर पीड़ित दुकानदारों की हरसंभव मदद करनी चाहिए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मायूसी का माहौल है।