Edited By Ramanjot, Updated: 20 Feb, 2026 01:16 PM

सोनपुर के आनंदपुर में एक दुखद घटना हुई, जहां किडनी की बीमारी से जूझ रहे 40 वर्षीय जयप्रकाश राय की मृत्यु हो गई। उनके निधन का सदमा उनकी बुजुर्ग मां पाचो देवी बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेटे के शव पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हृदय विदारक घटना में एक...
Bihar News : बिहार में सारण जिले के सोनपुर स्थित आनंदपुर गांव में एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने जवान बेटे की मौत का सदमा सहन नहीं कर पाई और देखते ही देखते उसने भी दम तोड़ दिया। एक ही घर से मां-बेटे की अर्थी उठते देख पूरा गांव गमगीन हो गया।
क्या है पूरा मामला?
आनंदपुर निवासी 40 वर्षीय जयप्रकाश राय लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया। पिता और भाई को पहले ही खो चुके जयप्रकाश परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। बेटे के निधन की खबर मिलते ही उनकी वृद्धा मां पाचो देवी बदहवास होकर कमरे में पहुंचीं। अपने बेटे के बेजान शरीर को देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगीं और विलाप करते हुए उन्होंने वहीं अपने प्राण त्याग दिए।
अनाथ हुआ परिवार इस घटना ने जयप्रकाश के परिवार को पूरी तरह से बेसहारा कर दिया है। उनके पीछे अब उनकी दिव्यांग पत्नी और 15 वर्ष से कम उम्र के पांच मासूम बच्चे रह गए हैं, जिनके सिर से पिता और दादी, दोनों का साया उठ गया है।
गांव में पसरा मातम
भाजपा नेता नरेशु सिंह ने बताया कि जयप्रकाश की मेहनत-मजदूरी से ही घर का खर्च चलता था। गुरुवार दोपहर बाद जब घर से एक साथ मां और बेटे की दो अर्थियां निकलीं, तो पूरा गांव घाट तक उमड़ पड़ा। सोनपुर के काली घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। अब ग्रामीणों के बीच इस बेसहारा परिवार के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।