Edited By Ramanjot, Updated: 20 Feb, 2026 12:26 PM

पीड़िता (8 साल के बेटे की मां) की फेसबुक पर ‘समीर राज’ नामक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर महिला का विश्वास जीता। पीड़िता 14 फरवरी को अपने बेटे के साथ मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंची, जहां आरोपी उसे कार में लेने आया।
Bihar News : सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक विवाहित महिला को मुजफ्फरपुर बुलाकर दरिंदगी करने और फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर पीड़िता को जाल में फंसाया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की रहने वाली पीड़िता (8 साल के बेटे की मां) की फेसबुक पर ‘समीर राज’ नामक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर महिला का विश्वास जीता। पीड़िता 14 फरवरी को अपने बेटे के साथ मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंची, जहां आरोपी उसे कार में लेने आया।
सच्चाई पता चलते ही शुरू हुई हैवानियत
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे घर ले जाने के बहाने दिन भर शहर में घुमाता रहा। इसी दौरान ड्राइवर ने महिला को सच बता दिया कि आरोपी का असली नाम शाहनवाज है और वह पहले से शादीशुदा है। सच्चाई सामने आते ही आरोपी हिंसक हो गया। उसने महिला के मासूम बेटे को ड्राइवर के पास बंधक बनाकर रखा और महिला को एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के पति से फोन पर संपर्क कर 10 हजार रुपये की फिरौती भी वसूल ली।
यह भी पढ़ें- स्कूल से लौट रहे 7वीं के छात्र की हत्या, घर के पास बदमाशों ने मारी गोली; परिवार में मचा कोहराम
अस्पताल में भर्ती पीड़िता, पुलिस की कार्रवाई
लगातार शारीरिक प्रताड़ना और भूख-प्यास के कारण महिला बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में SKMCH (श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्य आरोपी शाहनवाज को बखरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पति भी मुजफ्फरपुर पहुंच चुके हैं और पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।