Edited By Ramanjot, Updated: 10 Jun, 2024 02:48 PM

वर्ष 2014 से 2019 तक वाल्मिकीनगर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके सतीश चंद्र दुबे सांसद बनने से पहले चनपटिया और नरकटियागंज से विधायक भी रह चुके हैं। दूबे के कैबिनेट में शामिल होने से भाजपा और राजग को 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उच्च जाति के...
नई दिल्ली: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर ब्राह्मण नेता माने जाने वाले सतीश चंद्र दुबे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया है। बिहार के चंपारण क्षेत्र में गन्ना किसानों के मुद्दों को लेकर मुखर रहे राज्यसभा सदस्य दुबे ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को उत्तर बिहार में उच्च जाति का वोट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं दुबे
वर्ष 2014 से 2019 तक वाल्मिकीनगर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके सतीश चंद्र दुबे सांसद बनने से पहले चनपटिया और नरकटियागंज से विधायक भी रह चुके हैं। दूबे के कैबिनेट में शामिल होने से भाजपा और राजग को 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उच्च जाति के अधिकतम वोट हासिल करने में मदद मिलेगी। दूबे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का करीबी माना जाता है।
पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियांगंज प्रखंड के हरसरी गांव में 02 मई 1975 को जन्मे सतीश चंद्र दुबे के पिता स्वर्गीय इंद्रजीत दुबे किसान जबकि मां स्वर्गीय पशुपति देवी गृहिणी थी। सतीश चंद्र दुबे अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। दुबे की एक बहन मीना दुबे है जो उनसे छोटी है। सतीश चंद्र दुबे के दो बड़े भाई अशोक कुमार दुबे और प्रदीप दुबे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े हुए हैं। अपने कठिन परिश्रम से भाजपा को मजबूत करने और पश्चिम चंपारण जिले से विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा तीन सदनों में प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र राजनेता सतीश चंद्र दुबे को भाजपा ने उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण को देखते हुए केन्द्रीय मंत्री के पद पर सुशोभित किया है।