Edited By Ramanjot, Updated: 03 Mar, 2026 06:41 PM

ओमान की खाड़ी में 'Skylight' तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार लापता हैं। 1 मार्च को हुए इस हमले के दौरान जहाज खासब तट के पास खड़ा था।
Captain Ashish Kumar missing: मध्य-पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच गहराते युद्ध के बादलों ने अब बिहार के एक परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया है। ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए संदिग्ध मिसाइल हमले के बाद, पश्चिम चंपारण (बेतिया) के निवासी कैप्टन आशीष कुमार लापता हो गए हैं। इस घटना के बाद से उनके पैतृक आवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बीते 1 मार्च को ओमान के खासब तट के पास 'Skylight' नामक तेल टैंकर पर अचानक मिसाइल से हमला किया गया। जिस वक्त यह हमला हुआ, जहाज समुद्र में लंगर डाले (एंकर पर) खड़ा था। हमले के तुरंत बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत एवं बचाव दल ने क्रू के अधिकांश सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, लेकिन जहाज की कमान संभाल रहे कैप्टन आशीष कुमार समेत दो अन्य सदस्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
परिजनों का बुरा हाल, सरकार से मदद की गुहार
कैप्टन आशीष के लापता होने की खबर मिलते ही बेतिया स्थित उनके घर में कोहराम मच गया है। मां की निगाहें दरवाजे पर टिकी हैं, वहीं पिता हर आने वाली कॉल में अपने बेटे की सलामती की खबर ढूंढ रहे हैं। परिवार ने ओमान स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित शिपिंग कंपनी से संपर्क साधा है, लेकिन अब तक कोई पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लगी है।
परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि खोज अभियान में तेजी लाई जा सके। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है और हर संभव मदद का भरोसा दिया है।