Edited By Ramanjot, Updated: 04 Jan, 2026 09:16 AM

बिहार के बांका जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक भयावह वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक अधिवक्ता ने अपनी 17 साल की बेटी की इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी।
Banka Crime News: बिहार के बांका जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक भयावह वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक अधिवक्ता ने अपनी 17 साल की बेटी की इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। आरोपी पिता ने खुद को बचाने के लिए अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की मुस्तैद जांच ने मात्र 24 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया।
अपहरण की झूठी FIR, अगले दिन नहर में मिला शव
2 जनवरी 2026 को परिवार वालों ने थाने में लड़की के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लेकिन अगले ही दिन 3 जनवरी को गांव के पास एक बांध में लड़की का शव मिलने की सूचना मिली। बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर एसडीपीओ अमर कुमार विश्वास की अगुवाई में स्पेशल टीम गठित की गई। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से अहम सबूत जुटाए।
प्रेमी से शादी की जिद बनी मौत की वजह, चाकू से गला रेता
जांच में पता चला कि 1 जनवरी की रात लड़की ने अपने प्रेमी से शादी की जिद की थी। गुस्साए पिता और भाई ने मिलकर उसका गला रेत दिया। शव को नहर में फेंककर पिता ने प्रेमी पर ही अपहरण का आरोप लगवाया। लेकिन घर में मिले खून के निशान, पिता की कलाई पर लगा खून और एफएसएल रिपोर्ट ने शक पक्का कर दिया।
सबसे बड़ा सबूत बना लड़की का आखिरी फोन कॉल, जिसमें उसकी चीखें रिकॉर्ड हो गईं। पुलिस ने आंगन में आम के पेड़ के नीचे छिपाया गया हत्यारा चाकू भी बरामद कर लिया। सख्त पूछताछ में पिता और भाई ने जुर्म कबूल कर लिया।
पिता और भाई गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिली सराहना
पुलिस ने मृतका के पिता शशिभूषण झा (55 वर्ष) और भाई इशान कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले का तेजी से उद्भेदन करने वाली टीम में एसडीपीओ अमर विश्वास, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय समेत कई अधिकारी और जवान शामिल थे। एसपी ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि वैज्ञानिक जांच और तकनीकी सर्विलांस ने केस सॉल्व करने में अहम भूमिका निभाई।
समाज में ऐसे हत्याकांडों पर सवाल उठ रहे हैं, जहां तथाकथित 'इज्जत' के नाम पर बेटियों की जान ले ली जाती है।