Edited By Ramanjot, Updated: 06 Feb, 2026 12:27 PM

यह घटना मंगलवार दोपहर की है। एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक और एक नाबालिग युवती सरेआम सड़क पर आपत्तिजनक हरकतें करते हुए जा रहे थे। जब उनकी बाइक एक ग्रामीण इलाके से गुजरी, तो वहां से गुजर रहे एक दरोगा की नजर उन पर पड़ गई। राहगीरों की असहजता और युवकों...
Bihar News : अक्सर देखा जाता है कि सीमा विवाद (जूरिस्डिक्शन) में उलझकर पुलिस कार्रवाई करने से कतराती है, लेकिन मुजफ्फरपुर के एक दरोगा ने इस धारणा को तोड़ते हुए 'ड्यूटी फर्स्ट' की मिसाल पेश की है। जिले के ग्रामीण इलाके में सड़क पर शालीनता की मर्यादा लांघ रहे बाइक सवार युवकों और एक नाबालिग को दरोगा ने न केवल बीच रास्ते में रोका, बल्कि कानून का सख्त पाठ पढ़ाकर यह संदेश दिया कि अपराध और अभद्रता के खिलाफ कोई सीमा आड़े नहीं आती।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मंगलवार दोपहर की है। एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक और एक नाबालिग युवती सरेआम सड़क पर आपत्तिजनक हरकतें करते हुए जा रहे थे। जब उनकी बाइक एक ग्रामीण इलाके से गुजरी, तो वहां से गुजर रहे एक दरोगा की नजर उन पर पड़ गई। राहगीरों की असहजता और युवकों की बेपरवाही को भांपते हुए दरोगा ने तुरंत बाइक को रुकवा लिया।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, पुलिसिया पूछताछ में खुला राज
शुरुआत में बाइक सवारों ने खुद को निर्दोष बताते हुए रिश्तों का हवाला देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, दरोगा के कड़े तेवर के सामने उनकी दलीलें ज्यादा देर नहीं टिकीं। सघन पूछताछ में पता चला कि युवक और नाबालिग की जान-पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। पकड़ा गया युवक विशेष समुदाय का है और करजा थाना क्षेत्र का निवासी है। वहीं युवती मनियारी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
सख्त हिदायत के बाद छोड़ा गया
दरोगा ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने और नाबालिग की सुरक्षा को खतरे में डालने के पहलू पर तीनों को जमकर फटकार लगाई। दरोगा ने स्पष्ट किया कि 'प्रेम-प्रसंग' के नाम पर कानून और सामाजिक मर्यादा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देकर तीनों को उनके परिजनों के हवाले करने की हिदायत के साथ छोड़ दिया गया।