Edited By SHUKDEV PRASAD, Updated: 11 Mar, 2026 11:56 PM

भागलपुर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। Ganga River में स्नान के दौरान एक महिला को बचाने की कोशिश में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई।
Bhagalpur News: भागलपुर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। Ganga River में स्नान के दौरान एक महिला को बचाने की कोशिश में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना Ghoga Ganga Ghat की बताई जा रही है, जो Ghoga Police Station क्षेत्र में पड़ता है।
मुंडन समारोह से पहले गंगा स्नान करने पहुंचे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार, घोघा के ओलपुरा गांव निवासी शालिग्राम साह के घर मुंडन संस्कार का कार्यक्रम रखा गया था। इस अवसर पर परिवार के कई सदस्य और रिश्तेदार गांव पहुंचे थे।कार्यक्रम से पहले परिवार के लगभग 60 से अधिक लोग गंगा स्नान के लिए घाट पर गए थे। इसी दौरान शालिग्राम साह की बहन रुक्मिणी देवी नहाते समय अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
महिला को बचाने कूदे युवक, खुद डूब गए
रुक्मिणी देवी को डूबता देख उनके भतीजे कृष्ण कुमार, सनी कुमार और बॉबी कुमार तुरंत उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। हालांकि तेज धारा और गहरे पानी के कारण तीनों युवक एक-एक कर नदी में डूब गए। घटना देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को पानी से बाहर निकाल लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान ओलपुरा के नया टोला निवासी नंदलाल साह के 26 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार, शालिग्राम साह के 24 वर्षीय पुत्र सनी कुमार और 26 वर्षीय बॉबी कुमार के रूप में हुई है।
खुशियों का माहौल मातम में बदला
बताया जा रहा है कि तीनों युवक रिश्ते में भाई थे और दिल्ली में रहते थे। वे मुंडन समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव आए थे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी Ashutosh Kumar ने बताया कि गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद कर लिए हैं और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।