Edited By Ramanjot, Updated: 04 Dec, 2025 07:21 AM

बिहार में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
Bihar Weather Update:बिहार में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह-शाम कड़कड़ाती ठंड और घने कोहरे ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
सीजन का सबसे ठंडा दिन: कैमूर में 6.7°C
बिहार मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बीती रात कैमूर जिले के अधौरा क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 6.7°C तक गिर गया, जो इस सर्दी का अब तक का सबसे कम तापमान है। पटना में भी पहली बार तापमान 10°C से नीचे आया और 9.7°C दर्ज किया गया।
9 जिलों में तापमान 10°C से नीचे:
- कैमूर (अधौरा) – 6.7°C
- पश्चिम चंपारण – 9.9°C
- पूर्वी चंपारण, रोहतास, सारण – 9.4°C
- वैशाली – 9.5°C
- पटना – 9.7°C
- बांका – 9.8°C
- जमुई – 9.9°C
- गया – 10.0°C
बाकी जिलों में तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहा।
अगले 48 घंटों में और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दो दिनों में रात का तापमान 2-4 डिग्री और गिर सकता है। पछुआ हवाएं 40 किमी/घंटा तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं, जिससे ठंड का एहसास और बढ़ेगा।
25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
आज और कल निम्न जिलों में सुबह व रात के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है: पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, सीवान, गोपालगंज, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, लखीसराय, औरंगाबाद, सासाराम, कैमूर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर। बुधवार सुबह पूर्णिया में दृश्यता महज 500 मीटर रह गई थी। आज भी कई इलाकों में सुबह 8 बजे तक धूप नहीं निकल पाई।
दिन में भी राहत नहीं
हालांकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी (0.1°C) दर्ज की गई है, लेकिन पछुआ हवाओं की वजह से ठंड का अहसास दिन में भी बना हुआ है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 24-28°C और न्यूनतम तापमान 8-12°C के बीच रहने का अनुमान है।