Edited By Ramanjot, Updated: 08 Feb, 2026 03:10 PM

Gold price : वैश्विक मंदी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण पिछले एक हफ्ते में सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है।
Gold price drop : कीमती धातुओं के बाजार में पिछले एक हफ्ते से जारी अस्थिरता ने निवेशकों और ग्राहकों को हैरान कर दिया है। हाल ही में रिकॉर्ड ऊंचाई को छूने वाले सोने और चांदी के भाव (Gold Silver price) अचानक जमीन पर आ गए हैं। वैश्विक आर्थिक बदलावों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नेतृत्व में होने वाले फेरबदल की खबरों के बीच भारतीय बाजारों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले सात दिनों में घरेलू स्तर पर सोना करीब 4,000 रुपये और चांदी 65,000 रुपये तक सस्ती हुई है।
यह भी पढ़ें- शादियों में Gold बैन! सोने-चांदी की कीमतों ने छुड़ाए पसीने तो 14 गांवों ने लिया चौंकाने वाला फैसला
क्यों आई बाजार में इतनी बड़ी गिरावट?
विशेषज्ञों के अनुसार, यह गिरावट बाजार की 'ओवरबॉट' (Overbought) स्थिति और अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीति का परिणाम है।
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा केविन वॉर्श को फेडरल रिजर्व का अगला चेयरमैन नामित करने के ऐलान ने डॉलर को मजबूती दी, जिससे सोने के प्रति आकर्षण कम हुआ।
मार्जिन मनी में बढ़ोतरी: शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज ने मार्जिन की राशि बढ़ा दी, जिससे कर्ज पर कारोबार करने वाले व्यापारियों को अपनी 'पोजीशन' बेचनी पड़ी।
मुनाफावसूली: ऊंचे स्तरों पर निवेशकों द्वारा की गई भारी मुनाफावसूली ने कीमतों को और नीचे धकेला।
वैश्विक बनाम घरेलू बाजार की स्थिति
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना पिछले एक हफ्ते में 5,587 डॉलर से गिरकर 4,403 डॉलर के स्तर पर आ गया। वहीं, चांदी में भी 30 से 36 फीसदी की गिरावट देखी गई। हालांकि, भारतीय बाजार में शनिवार को कुछ सुधार देखा गया। गुडरिटर्न्स के मुताबिक, शनिवार को 24 कैरेट सोने में प्रति 10 ग्राम 2,650 रुपये और चांदी में प्रति किलो10,000 रुपये की रिकवरी हुई। इस तेजी के साथ 24 कैरेट का सोना 1,56,600 रुपये पर और चांदी 2.85 लाख रुपये पर बंद हुई। फिलहाल, संडे होने के कारण बाजार में शनिवार वाले रेट ही प्रभावी हैं।
यह भी पढ़ें- इस देश में Gold का 'महाधमाका'! 10 ग्राम सोने पर सीधे ₹7,000 की बचत, चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड
MCX पर क्या रहे बंद भाव?
शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 401 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,050 रुपये (प्रति 10 ग्राम) पर बंद हुआ। वहीं, चांदी मार्च डिलीवरी 2,49,499 रुपये (प्रति किलो) पर थमी।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट लंबी अवधि के रुझान में बदलाव नहीं, बल्कि बाजार का एक सामान्य 'करेक्शन' है। कीमतों में आई यह कमी उन खरीदारों के लिए अवसर हो सकती है जो लंबे समय से सोने में निवेश का इंतजार कर रहे थे।