Edited By Ramanjot, Updated: 04 Dec, 2025 08:54 AM

बुधवार को रोहतास जिले के कोचस बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पूरा तेंदुआ अचानक घनी आबादी में घुस आया।
Rohtas Leopard Attack: बुधवार को रोहतास जिले के कोचस बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पूरा तेंदुआ अचानक घनी आबादी में घुस आया। दहशत में भटकते इस जंगली जानवर ने 12 लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया, जिनमें तीन वनकर्मी भी शामिल हैं। शाम करीब 6 बजे वन विभाग की टीम ने तीन घंटे की जद्दोजहद के बाद उसे ट्रैंकुलाइज कर पिंजरे में कैद किया।
सुबह से शुरू हुआ आतंक, दोपहर तक 12 लोग लहूलुहान
सुबह करीब 9 बजे कोचस बाजार में सबसे पहले तेंदुए को देखा गया। देखते-देखते उसने तीन युवकों पर हमला कर दिया। इसके बाद बचाव के लिए पहुंची वन विभाग की टीम के तीन सदस्य – सुरेश साह, राजीव सिंह और विवेक कुमार – भी उसके पंजों की चपेट में आ गए। भीड़ जमा होने पर कुछ लोगों ने गुस्से में पत्थर-ईंटें फेंकी, जिससे तेंदुआ और उग्र हो गया। वह कभी तालाब में कूदता, तो कभी घरों की छतों पर चढ़ने की कोशिश करता रहा।
कुल 12 लोग घायल
सभी को पहले कोचस PHC और फिर गंभीर हालत वालों को सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया। किसी की जान को फिलहाल खतरा नहीं बताया जा रहा है।
70 किमी दूर कैमूर जंगल से कैसे पहुंचा कोचस?
वन विभाग के अधिकारी हैरान हैं कि कैमूर वन्यजीव अभयारण्य से करीब 60-70 किमी दूर कोचस में तेंदुआ कैसे पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह सोन नदी और नहरों के रास्ते भटकता हुआ इतनी दूर तक आ गया। उसे अब सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है।
लोगों में दहशत, बाजार बंद
पूरा कोचस बाजार दिनभर बंद रहा। लोग घरों में दुबके रहे। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और रात में गश्त बढ़ा दी है।