Edited By Ramanjot, Updated: 07 Feb, 2026 12:38 PM

बिहार के बेतिया में एक प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने पकड़कर बर्बर सजा दी। भीड़ ने किशोर की बेरहमी से पिटाई की और उसका अपमानजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
Bihar Crime News : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां प्रेम-प्रसंग के संदेह में भीड़ द्वारा दी गई 'तालिबानी सजा' और उसके अपमानजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने से आहत एक नाबालिग किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर दी। बेटी की मौत के सदमे में मां को दिल का दौरा पड़ा है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बर्बरता की सारी हदें पार
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात ग्रामीणों ने किशोरी को पड़ोस के गांव के एक किशोर के साथ पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। किशोरी किसी तरह वहां से बचकर भाग निकली, लेकिन युवक को ग्रामीणों ने बिजली के खंभे से बांध दिया। कड़ाके की ठंड के बावजूद युवक के कपड़े उतारकर रात भर उसे प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, शुक्रवार सुबह अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए युवक का सिर मुंडा दिया गया और चेहरे पर कालिख पोतकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया।
सोशल मीडिया पर अपमान और किशोरी की मौत
भीड़ ने इस पूरी प्रताड़ना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जैसे ही यह वीडियो क्षेत्र में फैला, किशोरी लोकलाज और भारी अपमान के बोझ तले दब गई। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे, जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, किशोरी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शाम को जब पिता घर लौटे, तो बेटी का शव देख कोहराम मच गया। इस खबर को सुनते ही किशोरी की मां को हार्ट अटैक आ गया, जिन्हें तुरंत बेतिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का आरोप: "यह सुनियोजित हत्या है"
किशोरी के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे एक बड़ी साजिश बताया है। उनका आरोप है कि उनकी बेटी घर में सो रही थी, उसे साजिश के तहत बुलाकर फंसाया गया और फिर उसकी जान ली गई।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
"मामले की गहन जांच की जा रही है। नाबालिग का शव फंदे से लटका मिला है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। कानून हाथ में लेने वाले और वीडियो वायरल करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।"
-ज्वाला कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, शिकारपुर