Edited By Ramanjot, Updated: 13 Feb, 2026 05:06 PM

चंदवा टोला में एक नाच कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की डांसर ने दर्शकों द्वारा दिया गया सिक्का अनजाने में निगल लिया। घटना के बाद कलाकार की तबीयत बिगड़ गई
Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले में एक नाच कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेज पर प्रस्तुति दे रही एक महिला कलाकार की जान पर बन आई। दर्शकों द्वारा दिए गए सिक्के को मुंह में रखना डांसर के लिए घातक साबित हुआ। सिक्का गले में अटकने के कारण कलाकार की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
कैसे घटी घटना?
यह घटना जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत की है। जानकारी के अनुसार, चंदवा टोला में आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला कलाकार अपनी टीम के साथ डांस कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कुछ दर्शक अति-उत्साह में आकर कलाकार के मुंह में सिक्का पकड़ाने लगे। इसी आपाधापी में महिला डांसर ने अनजाने में सिक्का निगल लिया।
स्टेज पर ही बिगड़ने लगी हालत
सिक्का गले के नीचे उतरते ही कलाकार को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वह असहज होकर स्टेज पर ही बैठ गई। खुशियों का माहौल अचानक सन्नाटे और चीख-पुकार में बदल गया। नाच पार्टी के संचालक और कलाकार के पति ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
सदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, महिला की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सिक्का गले की नली (Food Pipe) में फंसा है या पेट के अंदर चला गया है। एक्सरे रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल कलाकार की हालत स्थिर बनी हुई है लेकिन वह अभी भी खतरे से बाहर नहीं है। पुलिस प्रशासन इस मामले की जानकारी जुटा रहा है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या दर्शकों द्वारा की गई किसी जबरदस्ती का परिणाम।